धौलाना। एनटीपीसी रोड पर निधावली नहर पुलिया के पास शनिवार शाम अचानक सामने आए कुत्ते से हुई टक्कर के दौरान अनियंत्रित होकर पुलिया से बाइक टकरा गई। जिसमें बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायलों में एक छात्र की मौत हो गई। घायल दूसरे छात्र को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि शाम ऊपरी गंग नहर निधावली पुलिया के पास अचानक कुत्ता सामने आने पर बाइक सवार दौलतपुर ढीकरी निवासी समीर उमर (18) व उसके साथी अरसलान अनियंत्रित होकर पुलिया में जाकर टकरा गए हैं। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक भी टक्कर की चपेट में आ गई।
जिस पर पर कृष्ण चंद्र (38) निवासी गांव जलालपुर जनपद एटा सवार थे। वह भी घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलाना लाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। अरसलान की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जबकि कृष्ण चंद्र का उपचार सीएचसी में चल रहा है।