हापुड़। हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के आह्वान पर हापुड़ बार एसोसिएशन के वकील मंगलवार को हड़ताल पर रहे। गाजियाबाद न्यायालय में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए न्याय की मांग की। अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनिवास सिंह व सचिव विकास कुमार त्यागी ने कहा कि गाजियाबाद जनपद न्यायालय में न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसको दोनों पक्षों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से भी निपटाया जा सकता था। लेकिन न्यायिक अधिकारी ने पुलिस को न्यायालय में बुलाया और अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कराया। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई अधिवक्ता घायल हो गए। जिसके विरोध में हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति ने सभी बार एसोसिएशन से आह्वान किया कि वह मामले का कड़ा विरोध करे और मंगलवार को न्यायिक कार्य न करे। अधिवक्ता मुकेश कुमार त्यागी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल अधिवक्ताओं को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने प्रदेश में शीघ्र अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर भोपाल सिंह शिशौदिया, मंयक त्यागी, रमेश चंद्रा, राजकिरन, गजेंद्र त्यागी, मंसूर अली खान, अजय शर्मा, अनिल वर्मा, रवि कुमार, मोहित त्यागी, अनिल वर्मा, शोभित उपस्थित थे।