ब्रजघाट। श्रावण के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों का आगमन शनिवार से गंगानगरी में होना शुरू हो जाएगा। इससे पहले शनिवार रात 12 बजे से मुरादाबाद दिल्ली हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा, जो सोमवार दोपहर तक लागू रहेगा। वहीं बृहस्पतिवार को एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कावंड़ यात्रा के दौरान तैयार किए गए रूट डायवर्जन का शत-प्रतिशत पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर से जिन अधिकारियों को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है, उन्हें श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें एंबुलेंस सेवा, सड़कों को गड्ढामुक्त करना, खुले हुए मेनहोल को बंद कराना प्राथमिकता है। पुलिस विभाग के साथ स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं से उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराएगा। प्रत्येक मजिस्ट्रेट को ड्यूटी चार्ट अपने पास रखना होगा। अगर कोई भी श्रद्धालु अपनी यात्रा के समय चोटिल हो जाता है, तो उसे अतिशीघ्र अस्पताल भिजवाना भी जिम्मेदारी समझी जाए। जिन स्थानों पर रात्रि विश्राम के लिए व्यवस्था हुई है, वहां भी पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। जहां-जहां सड़क टूटी है उनकी रिपोर्ट दी जाए। एसपी ने मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया।