बुलंदशहर के गांव बरकतपुर निवासी पिता राजू त्यागी ने बताया कि मरने से पहले चिराग ने जो मैसेज लिखा था, उसमें कहा था कि पापा... मैं कंपनी के हेड से तंग आ गया हूं। वह मेरा उत्पीड़न कर रहा है। जिसके कारण मैं ट्रेन से कूदकर अपनी जान दे रहा हूं। आप परेशान मत होना।
दरअसल, उनका बेटा चिराग त्यागी थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। दर्ज रिपोर्ट में राजू त्यागी ने बताया कि उनके पुत्र चिराग त्यागी की नौकरी करीब तीन माह पहले थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एसएसएम एचडीबी फाइनेंस कंपनी में लगी थी। नौकरी की शुरुआत से ही कंपनी का हेड अंकुर गर्ग उनके पुत्र को परेशान करने लगा। कुछ दिन पहले चिराग और अंकुर के बीच 2850 रुपये की एक ईएमआई को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
चिराग ने जल्द ही ईएमआई जमा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी बार-बार पुत्र को काल कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। 24 अगस्त 2025 को शाम साढ़े पांच बजे उसने चिराग को फोन कर ईएमआई जमा करने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इस घटना से चिराग काफी आहत हो गया। इसके बाद चिराग ने उन्हें मैसेज कर आत्महत्या कर ली। चिराग ने मैसेज कर यह भी लिखा है कि मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ अंकुर गर्ग है। जिसका नंबर मेरे फोन में आदित्य एचडीबी के नाम से सेव है। चिराग ने मैसेज में यह भी बताया कि उसने अंकुर को पहले ही बता दिया था कि इस तरह की हरकत से उसके परिवार वाले उसे घर से निकाल देंगे, लेकिन अंकुर ने उसकी बात नहीं मानी।
इसके बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। अंतिम संस्कार आदि करने के बाद मंगलवार शाम राजू त्यागी परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और रोते बिलखते मामले में कार्रवाई की मांग की। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर कंपनी हेड अंकुर गर्ग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।