संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट (ठोस कूड़ा प्रबंधन) के लिए अब नगर पालिका ने रामपुर रोड पर भूमि को चिह्नित किया है। करीब 2.5 हेक्टेयर इस भूमि को पालिका के अधिकारी खरीदेंगे। इसके लिए तहसील स्तर से भूमि से संबंधित सभी रिपोर्ट मांगी गई है। जिससे कि भूमि की खरीद के दौरान कोई विवाद सामने ना आए। इस भूमि पर प्लांट का निर्माण कर शहर से प्रतिदिन निकलने वाले 106 टन कूड़े का निस्तारण किया जाएगा।
पिछले करीब आठ साल से नगर पालिका को दस किलोमीटर के दायरे में 2.5 हेक्टेयर भूमि नहीं मिल पाई। आसपास के गांवों में भी एक स्थान भूमि नहीं मिलने के बाद कुछ समय पहले भूमि खरीदने का निर्णय लिया गया। हालांकि, जिन गांवों में जमीन मिली। वहां पर अवैध रूप से कब्जे आदि मिले। वहीं, शासन से मिली 32 करोड़ रुपये की टाइड ग्रांट से अब इस भूमि को खरीदा जाएगा। करीब 10 करोड़ रुपये में पालिका यह भूमि खरीदने की तैयारी में है। शासन से पालिका को टाइड ग्रांट में जो 32 करोड़ रुपये मिले थे। नियमानुसार इस धनराशि का प्रयोग कूड़ा निस्तारण, साफ-सफाई और सीवर से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए होना है। इस धनराशि से पहले जमीन की किल्लत को दूर कर प्लांट के निर्माण का रास्ता खोला जाएगा। जिससे कि शहर के कूड़े का निस्तारण शत-प्रतिशत प्रतिदिन हो सके।
रामपुर रोड पर आए दिन बढ़ रहा विवाद
अभी रामपुर रोड पर नगर पालिका द्वारा डलाव घर में कूड़ा डाला जाता है, लेकिन इस भूमि पर बड़े-बड़े कूड़े के ढेर लग गए हैं। जिस कारण अब यहां भी कूड़ा डालने की जगह शेष नहीं बची है। पालिका के कर्मचारी जगह-जगह कूड़ा डाल रहे हैं। जिस कारण आए दिन विवाद भी हो रहा है। पालिका के कर्मचारी सरकारी भूमि पर कूड़ा डालने का प्रयास करते हैं तो फिर वहां अवैध रूप से निवास कर रहे लोग हंगामा करते हैं।
आठ साल पहले मिले थे छह करोड़ रुपये
शहर से प्रतिदिन निकलने वाले 106 टन कूड़े का निस्तारण करने के लिए प्लांट का निर्माण होना है। इसके लिए 2.5 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता थी, लेकिन जमीन न मिलने के कारण आज तक योजना में अधर में है। शासन ने करीब आठ साल पहले नगर पालिका को छह करोड़ रुपये जमीन चिह्नित कर उसकी चहारदीवारी कराने के लिए दिए थे। तभी से ही यह पैसा भी नगर पालिका के खाते में पड़ा है। अभी कूड़े का स्थायी समाधान न होने के कारण शहर की सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नगर पालिका के आंकड़े के अनुसार हर दिन 106 टन कूड़ा शहर से निकलता है, इसमें 60 टन सूखा कूड़ा होता है। इस सूखे कूड़े का निस्तारण कर खाद और भविष्य में बिजली बनाने की भी योजना है, जिससे नगर पालिका की आय भी बढ़ेगी।
अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि रामपुर रोड पर भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव बनाकर तहसील के अधिकारियों को भेजा है, जहां से भूमि से संबंधित सत्यापन और अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त भी अन्य जगहों पर जमीन की तलाश की जा रही है, जिससे कि नगर पालिका के पास अतिरिक्त विकल्प रहे।