थाना देहात पुलिस ने पकड़े कछुवे।संवाद
हापुड़। थाना देहात पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम टियाला बाईपास के पास दो प्रतिबंधित प्रजातियों के 20 कछुओं के बच्चों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी कछुओं को सफेद कपड़े से ढकी बाल्टी में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वनरक्षक एवं क्षेत्र प्रभारी सरिता भट्ट ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि एक तस्कर बाल्टी में 20 कछुओं के बच्चों को लेकर टियाला बाईपास के पास तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम और थाना देहात पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के पास सफेद कपड़े से ढकी एक बाल्टी मिली। तलाशी लेने पर उसमें से स्पॉटेड पॉन्ड प्रजाति के नौ और इंडियन टेंट टर्टल प्रजाति के 11 कछुए बरामद हुए। इस तरह कुल 20 कछुए बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी की पहचान शाहरुख निवासी जामा मस्जिद वाली गली, गांव असौड़ा के रूप में हुई। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि वनरक्षक एवं क्षेत्र प्रभारी की तहरीर पर शाहरुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।