गढ़मुक्तेश्वर। नगर में लगाए गए प्रीपेड बिजली मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं।
मोहल्ला नाजिम कॉलोनी, आदर्श नगर, राजीव नगर और उपाध्याय नगर के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने अधिक बिलिंग और बार-बार बिजली कटौती को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि एडवांस में दो हजार रुपये तक जमा करने के बावजूद उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उपभोक्ताओं के अनुसार प्रीपेड मीटर में बैलेंस तेजी से खत्म हो जाता है, जबकि बिजली खपत सामान्य ही रहती है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट जानकारी के ही मीटर से राशि कटती जा रही है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके चलते आम उपभोक्ता आर्थिक बोझ के साथ मानसिक परेशानी भी झेल रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब बैलेंस समाप्त हो जाता है तो तुरंत बिजली कट जाती है, जिससे गर्मी के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं।