हापुड़। जिले में अब हर घर पर स्मार्ट मीटर लगेंगे। इसका विरोध करने पर कनेक्शन काटने की प्रक्रिया भी शुरू होगी। तीनों डिवीजन में यह कार्य शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह विरोध के बीच करीब 13 हजार मीटरों को प्रीपेड भी किया जा चुका है। अब नए कनेक्शन पर भी स्मार्ट मीटर अनिवार्य कर दिए गए हैं।
जिले के हापुड़, पिलखुवा और गढ़ डिवीजन में करीब सवा तीन लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इन्हें अभी तक डिजिटल मीटरों से ही सप्लाई मिलती है। पिछले साल इन मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उपभोक्ताओं में विश्वास जगाने के लिए सबसे पहले सरकारी कार्यालय, बिजली दफ्तरों पर स्मार्ट मीटर लगाए गए।
अब शहर की पॉश कॉलोनियों के साथ ही व्यवसायिक इकाइयों पर भी स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। 13 हजार मीटरों को प्रीपेड कर दिया गया है। ये उपभोक्ता पहले पैसा जमा कर रिचार्ज कराते हैं इसके बाद ही इन्हें सप्लाई मिलती है। अब निगम के अधिकारियों ने समस्त कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय लिया है।
शहर ही नहीं देहात अंचल में भी स्मार्ट मीटर लगेंगे। निगम के अधिकारियों ने बैठक कर, निर्णय लिया है कि यदि कोई स्मार्ट मीटर का विरोध करता है तो उसका कनेक्शन काटा जाए। हालांकि इससे पहले उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर की खूबियां बताई जाएंगी, उसका जो भी संशय है उसे दूर भी किया जाएगा।
-
-नए कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर अनिवार्य
जिले में अब जो भी नया कनेक्शन होगा। उस पर स्मार्ट मीटर ही लगेगा। यदि उपभोक्ता इस मीटर को लगवाने से इन्कार करता है तो कनेक्शन भी नहीं दिया जाएगा। निगम के पास अब डिजिटल मीटर भी नहीं हैं, ऐसे में स्मार्ट मीटर के अलावा कोई विकल्प भी नहीं बचता है।
-
-स्मार्ट मीटर से दूर होंगी बिलों की त्रुटियां
ऊर्जा निगम के अफसरों का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उन्हें बिलों की त्रुटियों से राहत मिल जाएगी। रीडिंग स्टोर नहीं हो सकेंगी, बिलिंग कर्मचारी के आने का इंतजार भी नहीं करना होगा। बल्कि उपभोक्ता के मोबाइल फोन पर ही बिल पहुंचेगा। एप या ऑनलाइन तरीके से मीटर रिचार्ज किया जा सकेगा।
-तीनों डिविजन में मीटर उपभोक्ताओं की संख्या
डिविजन उपभोक्ताओं की संख्या
हापुड़ 103550
पिलखुवा 98366
गढ़मुक्तेश्वर 103735
जिले के तीनों डिवीजन में स्मार्ट मीटर अनिवार्य किए गए हैं। उपभोक्ता इसका विरोध न करें, नया कनेक्शन तभी होगा जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहमत है अन्यथा कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। स्मार्ट मीटर सुविधाजनक है, उपभोक्ता इसमें सहयोग करें।-एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता।
-
जतिन त्यागी