प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के नाम पर बाबूगढ़ टाउन एरिया की करीब 85 महिलाओं व युवतियों के साथ ठगी के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। इन महिलाओं को बाबूगढ़ में रहने वाली दो महिलाओं ने सिलाई, कढ़ाई का प्रशिक्षण दिलाया।
अब महिलाओं के खाते में पैसा आने पर आरोपी महिलाएं उनके खातों से रुपया ट्रांसफर कराने का दबाव बना रही हैं। बृहस्पतिवार को महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जिला मुख्यालय पहुंची महिलाओं ने बताया कि बाबूगढ़ के एक ही परिवार की दो महिलाओं ने उन्हें कौशल विकास योजना के अंतर्गत सिलाई, कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया था। इसके बाद सभी को दिल्ली में त्रिलोकीपुरी में साक्षात्कार के लिए ले जाया गया था।
प्रत्येक महिला से 8 हजार उनके खाते में डाले गए। लेकिन किसी भी महिला को इस योजना का लाभ नहीं मिला। महिलाओं का आरोप है कि अब एजेंट महिलाएं उन सभी के खाते में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत खाते में आए 10 हजार की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराने का दबाव बना रही हैं,
जिससे उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। शिकायत करने वालों में सुनीता, संगीता, रजनी, काजल, ज्योति, पूजा, शोभा, सविता, बबीता, गीता, सोनम, कविता, महनाज, सरिता, गुलनाज, गुलबहार, मनीषा, गगनेश, प्रीति आदि मौजूद रहीं।