हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा में गोबर के उपले जलाने का विरोध करने पर दूसरे गांव के दूसरे समुदाय के लोगों ने एक पक्ष के लोगों पर लाठी डंडों से हमला कर जमकर पथराव कर दिया।
इसमें एक पक्ष की दो महिलाएं समेत छह लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक युवक की तहरीर पर पुलिस ने 14 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव काठीखेड़ा निवासी सिद्धार्थ गौतम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब सवा आठ बजे उनकी चाची धनवती कूड़ा लेकर जा रही थीं। इस दौरान उन्होंने गांव सलाई निवासी शमीम को उनके बिटौरे में से गोबर के उपले चुराकर जलाते हुए देखा। इस दौरान उनकी शमीम से कहासुनी हो गई। मामला इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए।
आरोप है कि विरोध करने पर समीम, रेशमा, मुस्कान, गुलसमा, सलमा, शहजाद, अनस, अरबाज, भज्जी, वहीम, वसीम, कादिर, मतीन व फहीम ने जान से मारने नियत से उस पर व उनके परिवार पर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर पथराव कर दिया, जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पथराव में किसी तरह घरों में छिपकर लोगों ने अपनी जान बचाई हमला व पथराव में सिद्धार्थ, उनकी चाची धनवती, मीनाक्षी, रणवीर, अंकित, शेरसिंह व प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो समुदाय के मारपीट व पथराव की सूचना पर सीओ वरुण मिश्रा, कोतवाल नीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान हमला व पथराव करने वाले आरोपी मौके से गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर 14 व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है।