ब्रजघाट। कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रजघाट में लगने वाले तीन दिवसीय शहरी मेले की व्यवस्थाओं का शनिवार को डीएम प्रेरणा शर्मा और एसपी ज्ञानंजय सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान छह नाविकों के पास सुरक्षा उपकरण जैसे, लाइफ जैकेट और ट्यूब नहीं मिले। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अधिकारियों ने गंगा तट, बाजारों में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गंगा में चलने वाली मोटर बोट की जांच की गई, तो करीब आधा दर्जन नाविकों के पास लाइफ जैकेट, ट्यूब और डूबने के दौरान बचाव में प्रयोग होने वाली अन्य सामग्री न मिलने पर नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस ने छह नाविकों को हिरासत में ले लिया। एसपी ने आदेश दिए है कि मेले में शरारती तत्वों पर नजर रखी जाए। इसमें कोई लापरवाही न बरती जाए।
मेला आयोजन के लिए बनी समिति
शहरी मेले को लेकर शनिवार को पालिका चेयरमैन राकेश बजरंगी ने समिति का गठन किया। सभासद रमन शर्मा को अध्यक्ष, सुंदर यादव को उपाध्यक्ष, उर्मिला देवी को सचिव बनाया गया है। वहीं बैरिकेडिंग व अन्य व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए लक्ष्मी यादव, ममता सूद, किरन देवी, इकराम कुरैशी, प्रवेश कुमार को समिति में सदस्य पद दिया गया है।