रक्षाबंधन पर गढ़ में भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती बहन। संवाद
हापुड़। भाई-बहन के प्यार और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा के साथ ही हर कदम पर साथ देने का संकल्प लिया।
सुबह घरों में रक्षाबंधन की पूजा की गई। मुख्य द्वार की दीवारों के साथ कमरों की दीवारों को साफ कर गेरू से राम सीता का नाम लिखा गया। इसके बाद मीठे जवे लगाए गए। प्रसाद स्वरूप जवे सभी को दिए गए। बहनों ने राखी बांधने तक उपवास रखा। इसके बाद भाई को तिलक करके आरती उतारी, फिर मिठाई खिलाकर राखी बांधी।
इस अवसर पर भाई-बहनों ने एक-दूसरे को उपहार देकर अपने प्रेम और स्नेह को मजबूत किया। वहीं, बहनों और भाइयों ने शाम को होटल और मॉल में पहुंचकर खानपान का लुत्फ उठाया। रक्षाबंधन के दिन बाजारों में राखी और मिष्ठान की खरीदारी के लिए भारी भीड़ रही। ऐसे में त्योहार की रौनक और बढ़ गई।
मुस्लिम बहन ने बांधी हिंदू भाई को राखी
बहन प्यार के धागों से बनी राखी जब भाई की कलाई पर बांधी है, तब भाई की झोली में दुनिया भर की खुशियां आ जाती हैं। ये रिश्ता मजहब से भी परे होता है। आवास विकास कॉलोनी निवासी मुशर्रफ चौधरी ने मुंहबोले भाई मेरठ निवासी मुकेश तिवारी को राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। मुशर्रफ चौधरी ने बताया कि करीब 25 वर्षो से रक्षाबंधन पर हिंदू भाई को राखी बांधती है। उन्हें रक्षाबंधन का इंतजार रहता है।