हापुड़। विधानसभा क्षेत्र के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) में अनंतिम मतदाता सूची पर दावे और आपत्ति का समय बढ़ा दिया गया है। चुनाव आयोग के नए आदेश के बाद अब छह मार्च तक लोग सूची पर दावे और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे, जबकि पहले यह समय शुक्रवार छह फरवरी तक था।
छह जनवरी को जिले की अनंतिम मतदाता सूची जारी हुई थी। इस सूची पर दावे और आपत्ति का अंतिम समय छह फरवरी तक रखा गया था, लेकिन शुक्रवार की शाम को चुनाव आयोग ने लोगों की तरफ से लगातार हो रहे आवेदनों को देखते हुए अब एक माह का समय और बढ़ाते हुए छह मार्च तक समय दिया है। ऐसे में लोगों को अपना वोट बचाने, नई वोट बनवाने, कटवाने और संशोधन के लिए समय मिल गया है।
जिले के निर्वाचन आयोग की ओर से शुक्रवार को एक डाटा उपलब्ध कराया गया है, इसमें नई वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरने वालों की संख्या करीब 25 हजार, नाम कटवाने के लिए करीब 500 लोगों ने फार्म-7 और संशोधन के लिए करीब 5700 लोगों ने फार्म-8 भरकर जमा किए हैं। वहीं, नो मैपिंग के तहत करीब 281088 लोगों को चिह्नित किया गया था, इसमें करीब 133778 को अब तक नोटिस पहुंच चुके हैं। चिह्नित होने के बाद भी बहुत से लोगों तक नोटिस नहीं मिल सका है। वहीं, जिन्हें नोटिस मिले हैं, उसमें भी अभी तक करीब 23067 की सुनवाई हो सकी है।
मामले में एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि चुनाव आयोग ने दावे और आपत्ति के लिए छह मार्च तक का समय बढ़ा दिया है। अब अंतिम सूची 10 अप्रैल को आएगी।