कुचेसर रोड चौपला पर लगी हाई मास्क लाइट पिछले चार साल से खराब पड़ी है। काफी शिकायतों के बावजूद भी लाइट को ठीक नहीं कराया गया है। इसके विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द राहत दिलाने की मांग उठाई है।
प्रदर्शनकारी लोगों ने बताया कि करीब 5 वर्ष पूर्व लाखों रुपए की लागत से तत्कालीन विधायक मदन चौहान के कोटे से कुचेसर रोड चौपला पर हाई मास्क लाइट लगाई गई थी। इस लाइट के लगने से समूचे क्षेत्र में रात के समय प्रकाश रहता था, लेकिन चार साल से यह लाइट शोपीस बनी हुई है।
अंधेरे के कारण लूट, चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस है।
इसके विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालों में राजीव शर्मा, उर्मित गोयल, सचिन शर्मा, राहुल सैनी, बबली शर्मा, मास्टर भूरे, रामवीर, शंकर, नरेश, राजू सैनी, महावीर, मनोज कुमार, आकाश पाल, सौरभ, दीपांशु, शिवा, छोटू आदि मौजूद रहे।