पिलखुवा। नगर पालिका परिषद परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर परिसर के दुकानदारों ने पालिकाध्यक्ष विभु बंसल से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया। दुकानदारों ने कहा कि परिसर में चल रहे कार्य से व्यवस्था में सुधार हो रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर सुविधाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
दुकानदारों ने बताया कि दुकानों के आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे परिसर का स्वरूप बदल रहा है। हालांकि कार्य के दौरान कुछ व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनके समाधान की मांग उन्होंने अध्यक्ष से की। अध्यक्ष ने दुकानदारों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जाएगा।
कहा कि नगर पालिका परिसर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके। इस दौरान अंकित, हिमांशु, डॉ. अजय और गजेंद्र सिंह ने मुख्य रूप से दुकानदारों की समस्याएं रखते हुए समाधान की मांग की। अध्यक्ष ने सभी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।