हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामगढ़ी में 600 रुपये की उधारी न चुकाने पर हुए विवाद में दंपती पर फायर झोंकने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से एक तमंचा, चार कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।
रामगढ़ी निवासी अमित ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव चितौली निवासी बंटी से उसने करीब 600 रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार दोपहर बंटी ने फोन कर उसे दिल्ली रोड स्थित एचपीडीए कार्यालय के पास बुलाया था। जहां आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अमित पर पिस्टल व तमंचे से गोली चला दी थी। वहां से जान बचाकर वह अपने घर पहुंचा तो रास्ते में दोबारा आरोपियों ने उसपर गोली चला दी थी। पुलिस ने गांव चितौली के बंटी, हरेंद्र, अफसार और कोतवाली नगर क्षेत्र के गुफरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में हरेंद्र, अफसार और गुफरान को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि मुख्य आरोपी बंटी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।