कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर व फतेहपुर के जंगल में सरकारी भूमि की खोदाई के दौरान बृहस्पतिवार को शिवलिंग निकला। सूचना मिलने पर सैंकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। इसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने गांव रसूलपुर स्थित प्राचीन मंदिर में शिवलिंग को स्थापित करा दिया।
गांव रसूलपुर निवासी जयकरण व उनके पांच भाइयों के गांव रसूलपुर व फतेहपुर के जंगल में खेत हैं। जबकि उनके खेत के बराबर में सरकारी भूमि भी है। बृहस्पतिवार को राजेंद्र इस भूमि पर मिट्टी खोद रहा था। उन्होंने बताया कि इस भूमि की खोदाई के दौरान यहां शिवलिंग निकल गया। शिवलिंग निकले की खबर दोनों गांव में आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। सूचना पर दोनों गांव के सैंकड़ों ग्रामीण यहां एकत्र हो गए। सूचना पर एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम अंकित वर्मा, थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कराने की बात कही। जिसपर ग्रामीण सहमत हो गए। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीण शिवलिंग को गांव रसूलपुर के प्राचीन मंदिर में लेकर पहुंचे। जहां विधि विधान के साथ शिवलिंग को स्थापित कर दिया गया। जिसके बाद श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि लोगों की भावनाओं को देखते हुए शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कर दिया गया है।