गांव सैना में तार की चिंगारी से जली गेहूं की फसल। संवाद
- फोटो : संस्था
सिंभावली। गांव सैना में हाईटेंशन (एचटी) लाइन से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल को आग के हवाले कर दिया। कई बीघा फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।
गांव सैना निवासी पीड़ित असलम ने बताया कि उनके खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से अचानक चिंगारी निकली। यह चिंगारी नीचे खड़ी सूखी गेहूं की फसल पर गिरते ही आग में तब्दील हो गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कई बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी। घटना के बाद किसानों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष देखने को मिला। वहीं, किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार पवन कुमार का कहना है कि जांच कराई जा रही है।
इसके अलावा बाबूगढ़ के थाना क्षेत्र के गांव हबीसपुर बिगास में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण करीब सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
किसान मदनपाल सिंह ने बताया है कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन से अचानक चिंगारी निकलकर नीचे खड़ी फसल में गिर गई। कड़ी मशक्कत करते हुए पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।