हापुड़। हाईवे 09 पर शनिवार को जहां लूट की इस घटना को अंजाम दिया गया, वह डेढ़ महीने पहले हुई 85 लाख रुपये की लूट से करीब एक किलोमीटर दूर है। बदमाशाें ने लगभग उसी अंदाज में लूट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस पहले की घटना से सबक लेती तो शनिवार को चावल व्यापारी से इतनी बड़ी रकम की लूट नहीं होती।
15 दिसंबर को हाईवे पर सरस्वती मेडिकल कालेज फ्लाईओवर पर बाइक व कार सवार बदमाशों ने खल चूरी व्यापारी के मुनीम अजय पाल को बाइक से गिराकर 85 लाख रुपये लूट लिए थे। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से पहचान करके आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 68 लाख रुपये भी बरामद कर लिए थे। लेकिन सवाल यह है कि करीब डेढ़ महीने बाद ही बदमाशों न उसी अंदाज में लगभग उसी स्थान पर एक बार फिर लगभग उसी समय एक और बड़ी लूट को अंजाम दे डाला।
ऐसे में साफ जाहिर है कि पुलिस ने पिछली लूट से सबक नहीं लिया और जहां वारदात होने के बाद बदमाशों को एक बार फिर आसानी से फरार होने का मौका दे दिया। दूसरी लूट होने के बाद पुलिस अधिकारियों की यह कार्रवाई भी सवालों में हैं कि उस दौरान इतनी बड़ी लूट होने के बाद भी किसी पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में पुलिस की हीलाहवाली लाजमी है।
-
बदमाशों द्वारा पहले से रेकी करने की संभावना
पिछली लूट की तरह इस बार भी बदमाशों को व्यापारी के बारे में पहले से पूरी जानकारी होने की संभावना है। बदमाशों के तरीके से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इससे पहले बदमाशों ने पूरी तरह से रेकी फुलप्रूफ तरीके से घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों के स्कूटी से होने से यह भी संभावना है कि बदमाश स्थानीय हैं या स्कूटी को कहीं छोड़कर किसी और वाहन से फरार हुए हैं।
लूट की जानकारी देने से बचते रहे पुलिस अधिकारी
घटना के बाद पुलिस की एक बार फिर लापरवाही सामने आई। पुलिस घटना के बाद एकदम सजग रहने के बजाय पीड़ित को साथ लेकर यह पुष्टि करने में जुटी रही कि इतनी बड़ी रकम की लूट वास्तव में हुई है या पीड़ित झूठ बोल रहा है। लूट के संबंध में पुलिस शाम तक जानकारी देने से बचती रही। शाम को मौके पर पहुंचे एडीजी ने लूट की घटना की पुष्टि की।
-
इससे पहले भी पिलखुवा में हुई दो बड़ी लूट -
नौ अगस्त 2022- दिल्ली की सीएमएस कंपनी के डीलरों से कलेक्शन कर लौट रहे तीन कर्मचारियों से 40 लाख की लूट, एक कर्मचारी को बदमाशों ने मारी थी गोली
21 जुलाई 2025- पिलखुवा के रिलायंस रोड पर कलेक्शन एजेंट को लिफ्ट देकर बदमाशों ने नौ लाख रुपये लूटे।