देहात थाना क्षेत्र के गढ़ रोड फ्लाईओवर की शैटरिंग गिरने के मामले की जांच डीएम ने एसडीएम सदर को सौंपी है। इसके अलावा देहात पुलिस भी अपने स्तर से जांच कर रही है। दुर्घटना में घायल महिलाओं की हालत में मामूली सुधार आया है।
गौरतलब है कि गढ़ रोड स्थित रेलवे क्रासिंग फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार शाम रेलवे ठेकेदार द्वारा बनाए जा रहे फ्लाईओवर की शैटरिंग खोलते समय उसका एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था।
हादसे में शिवनगर निवासी मां बेटी घायल हो गई थीं और एक बाइक दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बुधवार को इस मामले में घायलों का हालचाल जानने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी देवनंदनी अस्पताल पहुंचे।
घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं दिए जाने पर देहात पुलिस ने तस्करा डालकर ठेकेदार के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जबकि डीएम कृष्णा करुणेश ने मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपी है। एसडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।