बहादुरगढ़ के गांव डहरा कुटी के पास नानई रोड पर स्थित केमिकल फैक्ट्री है। इसमें कृषि उपयोग में आने वाले कीटनाशक और दवाईंयां बनाई जाती हैं। 20 मार्च को मासिक पंचायत के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने
मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा के नेतृत्व नकली दवाईंयां बनाने का आरोप लगाते हुए फैक्ट्री में हंगामा कर फैक्ट्री संचालक के सामने की कुछ दवाईंयों के सैंपल लिए थे। इसकी सूचना पर डीएम अनिल ढींगरा ने एसडीएम आरएन पांडेय के नेतृत्व में चार सदस्य टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया था।
बुधवार को एसडीएम आरएन पांडेय, बीडीए एग्रीकल्चर एएन मिश्रा, जिला कृषि सुरक्षा अधिकारी डॉ. सतीश मलिक और भाकियू मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा फैक्ट्री पहुंचे। यहां अधिकारियों ने भाकियू और किसानों के सामने ही दवाईंयों और कीटनाशकों की सैंपलिंग कराई।
अधिकारियों ने फैक्ट्री संचालक को रजिस्ट्रेशन समेत सभी दस्तावेज बृहस्पतिवार को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। एसडीएम आरएन पांडेय ने बताया कि सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जा रहा है।
यहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान भाकियू युवा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, हरेंद्र प्रधान, नीरज तोमर आदि मौजूद रहे।