हापुड़। शासन ने पूरे प्रदेश में एसडीएम के तबादले किए हैं। जिले से पांच एसडीएम अधिकारियों के तबादले अन्य जनपदों में हुए हैं, जबकि अन्य जिलों से चार एसडीएम को भेजा गया है। नए उप जिलाधिकारियों के स्थानांतरण के साथ ही चार्ज के लिए सभी ने सिफारिशें कराना भी प्रारंभ कर दिया है।
डीएम कविता मीना ने बताया कि आगरा में तैनात एसडीएम ऋषिराव, बदायूं में तैनात प्रेमपाल सिंह, नगर निगम मथुरा में तैनात सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान और बलिया में तैनात अखिलेश कुमार यादव को हापुड़ जिले में तैनाती दी गई है।
जिले में धौलाना एसडीएम मनोज कुमार को मथुरा, डिप्टी कलक्टर शुभम श्रीवास्तव को मुजफ्फरनगर, डिप्टी कलक्टर साक्षी शर्मा को मथुरा, डिप्टी कलक्टर अंकित कुमार वर्मा को प्रयागराज, और एसडीएम सदर ईला प्रकाश को विशेष कार्याधिकारी, अलीगढ़ विकास प्राधिकरण भेजा गया है।