गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार देर शाम नेशनल हाईवे-9 पर गांव अठसैनी के पास कार की टक्कर लगने से स्कूटी सवार यामीन (55) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर बैठी पुत्रवधू गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव रतुपुरा निवासी यामीन (55) मंगलवार को अपनी स्कूटी से अमरोहा जनपद के गजरौला गए थे। वह अपनी पुत्रवधू को उसके मायके से लेकर वापस गांव लौट रहे थे। देर शाम जैसे ही वह गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर गांव अठसैनी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यामीन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी पुत्रवधू को भी चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने यामीन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। यामीन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।