गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव खिलवाई में कृषि भूमि का फर्जी बैनामा कर पांच लोगों ने ग्रामीणों से पांच लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
गांव खिलवाई निवासी तेजवीर सिंह ने न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसका कहना है कि उसने अपने दो भाइयों खुशीराम और सुखवीर के साथ मिलकर गांव के ही रहने वाले कमलनेत्र से कृषि भूमि पांच लाख 30 हजार रुपये में खरीदी थी। जिसका बैनामा उसने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कराया था। लेकिन उस भूमि पर कमलनेत्र ने लोन लिया हुआ था। आरोपी कई माह तक लोन अदा कर उसे मुक्ति प्रमाण पत्र देने का आश्वासन देता रहा। लेकिन आरोपी ने लोन अदा नहीं किया, जिसके चलते भूमि का दाखिल-खारिज नहीं हो सका। तेजवीर का कहना है कि आरोपी ने षडय़ंत्र रचकर उस भूमि को दोबारा गांव नानपुर निवासी जगदीश और नरेश पाल को बेच दिया। इस बारे में जानकारी मिलने पर उसने आरोपी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसके पैसे वापस नहीं किए। जिसके चलते उसने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। एसपी कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद भी सुनवाई नहीं हुई। जिसके चलते उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा।
कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर कमलनेत्र निवासी खिलवाई, जगदीश, नरेश पाल निवासी गांव नानपुर, ब्रजभूषण निवासी हिरनपुरा, अमित कुमार निवासी लोधीपुर छपका के खिलाफ धोखाधड़ी, षड्यंत्र रचने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।