गढ़मुक्तेश्वर। मशरूम उत्पादन के लिए सरकार से अनुदान दिलाने के नाम पर मुरादाबाद निवासी कारोबारी से 4.5 लाख रुपये हड़प लिए। कारोबारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनपद मुरादाबाद की देव विहार कॉलोनी थाना सिविल लाइंस निवासी संदीप खन्ना ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसने बताया कि वह ऑटो क्राप्न टावर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक कंपनी का संचालन करता है, जिसका मुख्य कार्यालय मुरादाबाद में ही है। गढ़ क्षेत्र के गांव कोथला बांगर में उसने दूसरा कार्यालय बनाया हुआ है। हिमाचल प्रदेश के सोलन निवासी विशाल गोयल काफी समय पहले कोथला बांगर स्थित कार्यालय में उससे मिला। जिसने बताया कि वह उपनिदेशक राज्य बागवानी बोर्ड द्वारा अधिकृत सलाहकार है। आरोपी ने उसे मशरूम की खेती करने के लिए सरकार से अनुदान दिलाने की बात कही। जिसकी बातों में आकर उसने आरोपी को 4.5 लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने उसकी कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनवाकर दो आवेदन किए। जिसकी जानकारी होने पर उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगा, तो उसने इन्कार करते हुए धमकी भी दी।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि तहरीर के आधार पर विशाल गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही हैैै।