सिंभावली। स्कूल की मान्यता दिलाने के नाम पर गांव हिम्मतपुर निवासी शिक्षिका और उनके परिवार से दो महिलाओं समेत तीन लोगों ने 3.9 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित पक्ष ने न्यायालय के आदेश पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हिम्मतपुर निवासी मोहम्मद आकिब ने बताया कि उसकी माता जनपद बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव अहरौला के स्कूल में अध्यापक रह चुकी हैं। जहां उनकी जान पहचान प्रियंका, कृष्णवीर निवासी गांव अहरौला से हुई। कृष्णवीर का उसके गांव में भी काफी आना-जाना है। इस दौरान प्रियंका और कृष्णवीर ने कहा कि वह उनके गांव में एक निजी स्कूल का संचालन करें, जिसके लिए आवश्यक मान्यता समेत अन्य दस्तावेजों का प्रबंध वह करेंगे। पुराना परिचय होने के कारण वह आरोपियों के झांसे में आ गया। आरोपियों ने उसे बताया कि उनकी एक साझीदार मीनू शर्मा निवासी धनौरी माफी रजबपुर जनपद अमरोहा इसकी व्यवस्था करेगी। आरोपियों के कहने पर उसने मीनू शर्मा के बैंक खाते में तीन लाख 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बाद स्कूल की मान्यता के दस्तावेज के बारे में जानकारी करने पर आरोपी बहानेबाजी करते रहे। वहीं रुपये वापस मांगने पर उन्होंने इन्कार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में उसने सिंभावली थाना समेत एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर प्रियंका, कृष्णवीर और मीनू शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत, जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।