गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला निवासी महिला ने दिल्ली रहने वाले व्यक्ति पर गांव बदरखा में जमीन बेचने के नाम पर 21 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने न्यायालय में वाद दायर कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला इंद्रानगर निवासी बीना कुमारी ने बताया कि दिल्ली निवासी व्यक्ति से उसकी मुलाकात एक परिचित ने कराई थी। जिसने बताया कि उसकी जमीन गांव बदरखा में है। जमीन दिखाने के बाद आरोपी ने उसका सौदा 30 लाख रुपये में तय कर दिया। इकरारनामा कराते हुए उसने आरोपी को 21 लाख रुपये बतौर एडवांस दे दिए। बैनामा कराने के लिए निर्धारित समय पर उसने आरोपी से संपर्क किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद वह आरोपी से मिली, तो उसने पैसे लौटाने और बैनामा कराने से स्पष्ट इंकार कर दिया। वहीं पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। इस संबंध में उसने कोतवाली, सीओ कार्यालय और एसपी दफ्तर में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। न्यायालय का आदेश मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले की जांच कराई जाएगी।