गांव बदरखा में सत्तार की कब्र की खोदाई करते मजदूर। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरखा निवासी सत्तार की 17 दिन पहले हुई मौत के मामले में शनिवार को डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतक का शव 15 दिन बाद कब्र से निकाला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
28 अगस्त की दोपहर को गांव बदरखा निवासी सत्तार अली किसी काम से परिचितों के साथ गए थे। जो गांव अठसैनी के पास हाईवे किनारे गंभीर हालत में घायल पड़े मिले थे। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराय गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सत्तार को मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। मेरठ के अस्पताल में 29 अगस्त को उनकी मौत हो गई। उस समय परिजनों ने बिना कोई कार्रवाई किए मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया था।
लेकिन उसके बाद मृतक की पत्नी शहनाज ने कोतवाली के साथ ही डीएम व एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। पीड़िता ने पति के साथ अनहोनी की आशंका व्यक्त की और उनका शव कब्र से निकलवा कर पोस्टमॉर्टम कराने के साथ ही कार्रवाई की की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को मजिस्ट्रेट पवन कुमार की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इस दौरान कब्रिस्तान में मृतक के परिजन, ग्रामीणों के साथ ही पुलिस बल भी मौजूद रहा।
अधिकारियों के निर्देश पर सत्तार का शव कब्र से निकलवाया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -वरूण मिश्रा, सीओ