हापुड़। एसडीएम कार्यालय के सभागार में सोमवार को एसडीएम सदर अंकित वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 24 फरियादी अपनी शिकायत का समाधान कराने के लिए पहुंचे, जिनमें से मात्र पांच शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
गांव कांवी निवासी ज्ञानचंद ने भूमि से कब्जा हटवाने, गांव काकौड़ी निवासी जगवीर सिंह ने भूमि से कब्जा हटवाने, अर्जुननगर निवासी विकास त्यागी ने पैमाइश कराने, गांव छपकौली निवासी निशांत ने गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था कराने, हाफिजपुर निवासी चंद किरन सहित 24 फरियादियों ने शिकायत की। इनमें राजस्व संबंधी शिकायतें सबसे अधिक रहीं। जिनमें से पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
एसडीएम सदर अंकित वर्मा का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।