पेट्रोल पंप मैनेजर नीरज चौहान के अनुसार, दो सितंबर की रात करीब 10 बजे काले रंग की स्कार्पियो पेट्रोल पंप पर आई थी। चालक ने दो हजार रुपये का डीजल भरवाया। सेल्समैन पंकज ने रुपये मांगे तो चालक गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने सेल्समैन का हाथ गाड़ी के शीशे में फंसा लिया और हापुड़ की ओर तेज गति से गाड़ी दौड़ा दी।
सेल्समैन चीखता रहा, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब पांच किलोमीटर बाद उसे धक्का देकर गिरा दिया गया। अन्य कर्मचारी सेल्समैन को वापस पेट्रोल पंप लेकर आए। मैनेजर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ मुनीष चंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।