सदरपुर क्रिकेट लीग में मैन ऑफ दी मैच खिलाड़ी को पुरस्कृत करते आयोजक। संवाद
बहादुरगढ़। गांव सदरपुर में चल रही सदरपुर प्रीमियर क्रिकेट लीग में शुक्रवार को पोपाई और सदरपुर की टीमों के बीच 12-12 ओवर का मैच खेला गया। इसमें सदरपुर की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर मैच अपने नाम किया।
सदरपुर के कप्तान राजीव सोम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। जिसे उनके बल्लेबाजों ने सार्थक साबित कर दिखाया। पहले विकेट के लिए हुई साझेदारी में 192 रन जोड़े गए। इनमें सलामी बल्लेबाज अभिषेक तोमर ने ताबड़तोड़ अंदाज से 105 रन बटोर डाले।
इसके अलावा उनके साथी नितिन चौहान ने भी 86 रन की आकर्षक पारी खेली। सदरपुर की टीम ने एक विकेट खोकर निर्धारित 12 ओवर में 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस बड़े स्कोर के दबाव से पोपाई की टीम के कप्तान अनस और उनके साथी खिलाड़ी उबर नहीं सके।
हालांकि, कुछ बल्लेबाजों ने संघर्ष करने का प्रयास किया लेकिन अंत में टीम 82 रन पर सिमट गई। 86 रन की पारी खेल चुके नितिन ने विपक्षी टीम के एक बल्लेबाज को पैवेलियन वापस भेजते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। 105 रन की पारी खेलने वाले अभिषेक तोमर को मैन ऑफ दी मैच चुना गया।
विजेता टीम, मैन ऑफ दी मैच को आयोजकों ने शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान हरिराम, कुलदीप, बिट्टूू, सोनू, राजीव, जॉनी, मोती, सौरव आदि मौजूद रहे।