हरियाणा के रिवाड़ी निवासी ओमप्रकाश यादव अमरोहा के गजरौला स्थित वन नर्सरी से पौधे खरीदने के लिए अपनी पिकअप से जा रहे थे। रास्ते में वह गढ़ कोतवाली क्षेत्र के स्याना चौपला के पास स्थित एक होटल पर चाय पीने के लिए रुके। उन्होंने पिकअप को होटल के बाहर खड़ा किया और कुछ देर के लिए अंदर चले गए। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और पिकअप का लॉक तोड़कर उसमें रखा बैग चोरी कर फरार हो गए। बैग में 80 हजार रुपये की नकदी रखी थी।
पीड़ित ने बताया कि यह रकम उन्होंने पशु बेचकर एकत्र की थी, जिससे नर्सरी के लिए पेड़ खरीदने थे। बाहर लौटने पर वाहन का लॉक टूटा मिला और बैग गायब था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो बाइक सवार संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए हैं।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े पुलिस चौकी के समीप हुई इस चोरी की घटना ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीओ राहुल यादव का कहना है कि मामले में जांच कराई जा रही है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास है।