हापुड़। ऊर्जा निगम में बिल एजेंसियों के प्रतिनिधि उपभोक्ताओं से सांठगांठ कर रीडिंग और डिमांड भरने में फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। अधिकारियों ने ऐसे मामले पकड़े हैं, इसमें एक किलोवाट के कनेक्शन पर तीन एसी समेत काफी लोड चलता पकड़ा गया है। जबकि रीडर ने डिमांड एक से दो किलोवाट तक ही दिखाई है। थाने में तहरीर देने के साथ ही रीडर पर कार्रवाई को लेकर पत्राचार किया गया है। जिलेभर में करीब 3.25 लाख मीटरों से उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति मिलती है। रीडिंग स्टोर, डिमांड भरने में रीडर खूब खेल कर रहे हैं। हाल ही में एसडीओ तृतीय ज्ञानप्रकाश शर्मा और जेई रविंद्र सिंह ने बागड़पुर रोड का निरीक्षण किया। यहां एक वाणिज्यिक संयोजन चैक किया गया, जो एक किलोवाट का था। लेकिन इससे तीन एसी, दो पंखे, 12 एलईडी लाइट, एक हेयर स्ट्रेटनर, एक क्रिम्पलर, एक हेयर ड्रायर, एक इन्वर्टर, एक अन्य मशीन चलती मिलीं, जिनका लोड करीब 7686 वाट पाया गया लेकिन मीटर में रीडिंग 5124 और डिमांड 2.48 किलोवाट पाई गई। पुराना रिकॉर्ड जांच करने पर पाया गया कि मीटर रीडर रीडिंग और डिमांड गलत तरीके से अपलोड कर रहा है। क्षेत्र में ऐसे दर्जनों मामले और सामने आने का दावा अधिकारी कर रहे हैं।
अवर अभियंता रविंद्र सिंह ने मीटर रीडर के खिलाफ बाबूगढ़ थाने में तहरीर दी है। साथ ही अधिशासी अभियंता ने मैसर्स इंवेटिंव सॉफ्टवेयर सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को पत्र लिखकर, कार्रवाई के लिए कहा है।
अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी का कहना है कि तीनों उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस तरह के मीटरों की जांच हर हाल में करें। रीडरों द्वारा इस तरह गलत फीडिंग कर निगम को चूना लगाया जा रहा है। ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर होगी।