हापुड़। कांवड़ यात्रा के कारण 18 जुलाई से हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू हो जाएगा और भारी वाहनों का आवागमन बंद हो जाएगा। बरेली, मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को हापुड़ से बुलंदशहर के रास्ते निकाला जाएगा। ऐसे में शहरों की बीच दूरी बढ़ने से रोडवेज बसों का सफर महंगा हो जाएगा।
सावन मास के पहले सोमवार के साथ ही कांवड़ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। 23 जुलाई को शिवरात्रि पर कांवड़िये गंगाजल लाकर शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जैसे-जैसे शिवरात्रि नजदीक आएगी, वैसे ही सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब भी उमड़ेगा। कांवड़ यात्रा के चलते 18 जुलाई से हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा।
ऐसे में मुरादाबाद और बरेली जाने वाली रोडवेज बसों को बुलंदशहर के रास्ते निकाला जाएगा। रूट डायवर्जन होने से जहां वाहन चालकों की परेशानी बढ़ेगी, वहीं यात्रियों का सफर भी महंगा होगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि रूट डायवर्जन के बाद बसों को लंबा फेर लगाकर दूसरे शहर पहुंचना पड़ेगा, इस कारण किराए में बढ़ोतरी होगी।
शहर वर्तमान किराया रूट डायवर्जन क के बाद
हापुड़ से मुरादाबाद 180 रुपये 210 रुपये
हापुड़ से रामपुर 243 रुपये 290 रुपये
हापुड़ से बरेली 369 रुपये 405 रुपये