हापुड़। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू दी है। परिषद द्वारा संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया का कार्यक्रम पूर्व में जारी किया गया था। इसके लिए छात्र-छात्राएं पांच अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे।
छात्र-छात्राओं का डेटा 16 अगस्त तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। जिले में कुल 115 राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं। इसमें करीब 60 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। फरवरी में संभावित बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन जून से ही शुरू हो गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया ने बताया कि यूपी बोर्ड ने परीक्षा फॉर्म भरने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। हाईस्कूल के संस्थागत परीक्षार्थियों को विद्यालय शुल्क के अलावा 500 रुपये और इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों को 700 रुपये जमा करने होंगे।
वहीं, हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी 706 रुपये और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी 800 रुपये शुल्क जमा करेंगे। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए प्रधानाचार्यों को वेबसाइट से आवेदन प्रारूप को डाउनलोड कर अर्हता के साक्ष्यों सहित परीक्षा शुल्क अग्रसारण केंद्र पर नगद जमा करना होगा।
जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य होगी। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विद्यार्थियों का विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन अपलोड कराएं। समय पर कार्य पूरा न होने की स्थिति में संबंधित विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाएगी।