संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सिरफिरे युवक ने अपने साथी के साथ युवती के ससुराल पहुंचकर रिश्ता तोड़ने के लिए युवती के कुछ फोटो वायरल करने की धमकी दी। युवती के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी की 27 जून को शादी तय थी। 25 मई को जिस लड़के से युवती का विवाह तय हुआ था, उसका फोन आया और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। युवक ने कहा कि कुछ अज्ञात युवक उसके घर गए थे, जहां उन्होंने युवती के कुछ फोटो दिखाए और शादी करने से मना किया। इस दौरान आरोपियों ने कहा कि यदि युवती के यहां पर बारात लेकर पहुंचता है तो डोली की जगह अर्थी उठेगी। लड़के ने इन सभी बातों को बताकर शादी करने से इनकार कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।