मैच के दौरान रियल क्रिकेटर टीम के खिलाड़ी। स्रोत: अकादमी
- फोटो : छापेमारी के दौरान का सुरक्षा विभाग को मिली गंदगी। संवाद
हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित गुरु नानक क्रिकेट अकादमी में रियल क्रिकेटर हापुड़ और एचएनसी के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। 20 ओवर के मैच में रियल क्रिकेटर हापुड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। टीम की जीत के हीरो चंद्रकांत उर्फ चंदू रहे, जिन्होंने 57 गेंदों में 112 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में एचएनसी के कप्तान अमित यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 199 रन बनाए। एचएनसी की ओर से दुष्यंत चौधरी ने 26 गेंदों में 71 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि मनीष चौधरी ने 35 गेंदों में 53 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
रियल क्रिकेटर हापुड़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए विशु ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं पुनीत वर्मा ने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिए।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रियल क्रिकेटर हापुड़ की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। चंद्रकांत उर्फ चंदू ने 57 गेंदों में 112 रन बनाकर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। जोरावर सिंह ने भी 19 रन का योगदान दिया। टीम ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एचएनसी की ओर से सोनू ने तीन ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि शकील ने चार ओवर में 35 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रियल क्रिकेटर हापुड़ के कप्तान पुनीत कंसल ने बताया कि शानदार प्रदर्शन के लिए चंद्रकांत उर्फ चंदू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।