हापुड़। जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर समस्त न्यायिक अधिकारीगण के साथ बैठक की। जिसमें लोक अदालत को सफल बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने कहा कि सभी न्यायिक अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण करें। न्यायिक अधिकारी चिन्हित वादों में राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व दो बार नोटिस/समन जारी करें।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट व प्राधिकरण के सचिव ब्रह्मपाल सिंह ने कहा कि 13 जुलाई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराएं। राष्ट्रीय लोक अदालत जनपद न्यायालय के साथ ही जनपद के समस्त बाह्य न्यायालयों में आयोजित होगी। इसके अलावा जनपद की समस्त तहसील में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि अभी जनपद न्यायालयों में 20194 वाद निस्तारण के लिए चिन्हित किए गए है। इसके अलावा समस्त बैंकों द्वारा अभी तक 9169 तथा प्रशासन व विभिन्न विभागों द्वारा 65154 मामले निस्तारण के लिए चिन्हित किए गए है।
इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम विपिन कुमार द्वितीय, अपर जिला जज एससी/एसटी एक्ट, अपर जिला जज ( स्पेशल पॉक्सो), श्री उमाकान्त जिंदल, अपर जिला जज द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह यादव, अपर जिला जज एफटीसी प्रथम, अपर जिला जज विरेश चन्द्रा आदि थे।