पिलखुवा। कमीशन में वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर जनपद के राशन विक्रेता 27 जनवरी को लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित एक दिवसीय सांकेतिक धरने में शामिल होंगे।
मोचन दर विक्रेता एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष रामभूल सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में राशन विक्रेता सीमित कमीशन में काम करने को मजबूर हैं, जबकि कार्यभार और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। महंगाई और संचालन खर्च बढ़ने से कोटेदारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। लंबे समय से कमीशन वृद्धि की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में प्रस्तावित सांकेतिक धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। धरने के माध्यम से शासन का ध्यान कोटेदारों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा। जिले से अधिक से अधिक कोटेदारों के शामिल होने की अपील की गई है, ताकि मांगों को मजबूती से उठाया जा सके।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर कोटेदारों को धरने की जानकारी दी जा रही है। बड़ी संख्या में सहभागिता से ही कोटेदारों की आवाज प्रभावी रूप से शासन तक पहुंचेगी।