सिंभावली। थाना क्षेत्र के एक गांव से अपह्त हुई किशोरी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता कह रही है कि उसका अपहरण करने के बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया, लेकिन पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण नहीं कराया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने दबाव बनाकर उसका बयान भी बदलवा दिया है। वहीं, सीओ ने मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पीड़िता ने बताया कि पिछले दिनों गांव के ही रहने वाले दो युवक उसका अपहरण कर ले गए। इस संबंध में उसके पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसकी जानकारी मिलने पर आरोपी भड़क गए। जिनमें से एक युवक ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस का दबाव बनने पर आरोपी उसे सिंभावली में छोड़ कर चले गए। उसने पुलिस को सच्चाई से अवगत कराया, तो उसे आरोपी के पक्ष में बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। लेकिन उसने इन्कार कर दिया। पीड़िता ने अब एसपी समेत मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, मानवाधिकार आयोग को शिकायती पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। न्यायालय में मात्र पीड़िता को ही बयान के लिए भेजा जाता है। उसने अपनी स्वेच्छा से ही बयान दिए है। फिर भी मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।