गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के साथ गांव के ही किशोर ने जंगल में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। छह माह की गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आरोपी केप रिजनों से शिकायत की, तो आरोपी पक्ष ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान किशोरी के ताऊ और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्ष की बेटी है। बेटी ने दो दिन पहले अपनी मां को बताया कि करीब सात माह पहले गांव के किशोर ने जंगल जाने के दौरान खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद से आरोपी उसे ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म करता रहा। जिस कारण वह गर्भवती हो गई, जिसका पता चलने पर किशोर ने जबरन उसका गर्भपात भी कराया। बेटी की बात सुनकर पत्नी ने उसे मामले की जानकारी दी, तो वह अपने भाइयों के साथ आरोपी के घर पहुंचे, जहां आरोपी के परिजनों को इस बारे में बताया। आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हुए। इतना ही नहीं आरोपियों ने कोई भी कार्रवाई करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी किशोर और उसके परिवार के लोगों की तलाश कराई जा रही है।