दो दिन में 70 मिली बारिश, शनिवार को जिले के स्कूल बंद
हापुड़। सितंबर माह के अंत में पड़ी भारी बारिश ने जिले में भी खूब तबाही मचाई है। फसलें जलमग्न हो गई हैं किसानों को करोड़ों का फटका लगा। इसके अलावा तालाब उफनकर सड़कों और लोगों के घरों तक पहुंच गए। अस्पताल और स्कूल परिसरों में भी जलभराव है। अभी दो दिन और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक सभी स्कूलों को शनिवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं। अब सोमवार को ही स्कूल खोले जाएंगे।
पूरे सितंबर माह में अभी तक की औसत बारिश 10.50 मिली थी। लेकिन पिछले दो दिन में 70 मिली बारिश पड़ी है। बृहस्पतिवार को रात करीब 11 बजे से सुबह तक लगातार तेज बारिश हुई। इसके बाद दिन में भी रुक-रुककर बारिश होती रही। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खेतों में पानी भरने से करोड़ों की फसल बर्बाद हो गई। इसके अलावा काठीखेड़ा समेत करीब 30 गांवों के तालाब उफन गए। काठीखेड़ा गांव का संपर्क मार्ग जलभराव के कारण बंद हो गया। इसके अलावा एनएच 09 नया बाइपास पर कई जगह घुटनों तक पानी थी। कई स्कूलों में अंदर कमरों तक में पानी भर गया। स्कूलों के मैदान तालाब के रूप में नजर आ रहे हैं।
बारिश को देखते हुए स्कूल बंद
बारिश को लेकर जिले में अलर्ट है, बीएसए ने आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को शनिवर में बंद रखने के आदेश दिए हैं। इस संबंध में समस्त स्कूलों को पत्र भेजा गया है। बीएसए अर्चना गुप्ता ने बताया कि छोटे बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से आठवीं तक के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है। अवकाश की अवधि में ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर हो रहे प्रशिक्षण सहित अन्य विभागीय कार्यों का यथावत संपादन किया जाएगा। आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सोमवार तक बारिश को लेकर अलर्ट -
मौसम विज्ञानी अशोक कुमार ने बताया कि अभी सोमवार तक बारिश होने के आसार हैं। शनिवार और रविवार को भारी बारिश की पूरी आशंका है। इस दौरान तूफान और बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में सतर्क रहने की आवश्यकता है।