बारिश का पानी भरने से मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। इसके मलबे में दबने से दंपति समेत दो बच्चे दबकर घायल हो गए। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकाला।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव जखैड़ा रहमतपुर में बारिश का पानी भरने से रविवार तड़के कफील अहमद के मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। कमरे में लेटा कफील, उसकी पत्नी शमा खातून, बेटा समीर और शारिक मलबे में दब गए।
धड़ाम की आवाज होने पर आसपास में रहने वाले दर्जनों ग्रामीण आनन फानन में मौके पर आकर बचाव में जुट गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबकर घायल हुए लोगों को जैसे तैसे बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सालय में ले गए।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी देकर वापिस घर को भेज दिया गया है। पीड़ित का कहना है कि छत गिरने के बाद बरसात के इस मौसम में उसके परिवार के पास अब सिर छिपाने तक का कोई जरिया नहीं बच पाया है।