मूसलाधार बारिश ने शहर के सारे सरकारी इंतजाम ध्वस्त कर दिए। आकाशीय बिजली गिरने से एचटी लाइन के दर्जनों इंसुलेटर फुंक गए, जिससे पटना मुरादपुर व रामपुर रोड बिजलीघर 24 घंटे तक ठप पड़े रहे। ऐसे में डीएम आवास समेत आधा दर्जन गांव व शहरी मोहल्लों में ब्लैकआउट हो गया।
मीनाक्षी रोड पर बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फूंक गया। लापरवाह निगम अफसरों की लेटलतीफी से लोगों को जलभराव, मच्छर और पीने के पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। इसके चलते शहर से देहात तक लोगों में गुस्सा है।
हाईटेंशन लाइन पर मंगलवार अपराह्न करीब 3.30 बजे आकाशीय बिजली गिरने दर्जनों इंसुलेटर फुंक गए, जिससे बाबूगढ़ स्थित बिजलीघर और रामपुर बिजलीघर की आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजलीघरों की आपूर्ति ठप होने से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया।
भारी बारिश के चलते पेट्रोलिंग के बाद भी फाल्ट पकड़ में नहीं आ सका। देर शाम कर्मियों को इंसुलेटर में फाल्ट की जानकारी मिली लेकिन लापरवाही के कारण दुरुस्त नहीं किया जा सका। इसके चलते दोनों बिजलीघरों से जुड़े दर्जनों गांव समेत शहरों में ब्लैक आउट हो गया।
डीएम आवास में भी पूरी रात बिजली गुल रही। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पटना मुरादपुर बिजलीघर को चालू कराया गया लेकिन रामपुर रोड बिजलीघर अपराह्न तीन बजे चालू हो सका।
पटना मुरादपुर बिजलीघर के बंद रहने से डीएम आवास समेत अंबेडकर नगर, जरौठी, मुरादपुर, चाहकमाल, पन्नापुरी, सुभाषनगर, नवज्योति कालोनी, मीनाक्षी, गढ़ रोड, साकेत, हरजसपुरा, भीमनगर, कन्हैयापुरा, कोटला, नई मंडी, सौंटावाली, अनुज विहार, करीमपुरा, अलीनगर, कोटला, सिकंदर गेट, ईदगाह रोड की बिजली आपूर्ति गुल रही।
आकाशीय बिजली के गिरने से चैनापुरी में लगा 1000 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर मंगलवार को फुंक गया था। बुधवार देर शाम तक भी उसकी बदली नहीं हो सकी थी। ऐसे में चैनापुरी, चाहकमाल ब्रह्मनान, गढ़ गेट इलाके की आपूर्ति बीते 24 घंटे से गुल पड़ी है।
बिजली निगम के कुछ कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि फाल्ट को दुरुस्त करने व पता लगाने के लिए निगम के पास जरूरी संसाधन भी नहीं है। ऐसे में एक छोटे से फाल्ट को भी दुरुस्त करने में उन्हें घंटों लग जाते हैं।
अवर अभियंता इस कदर लापरवाह हो गए हैं कि रातभर बिजलीघरों के बंद रहने पर भी वह उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं देते हैं। यही कारण है कि जब अफसरों से इसकी शिकायत की जाती है तो वह जानकारी न होने का रोना रोते हैं।
लाखों रुपये खर्च कर दिल्ली रोड पर उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण को लेकर बनाए जन सुविधा केंद्र का उपभोक्ताओं को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि छोटे फाल्टों को भी दुरुस्त करने में निगम कर्मियों को पूरा दिन लग रहा है।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि आकाशीय बिजली के गिरने से लाइन में दर्जनों स्थानों पर फाल्ट आ गया था। रातभर लाइन की पेट्रोलिंग की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों बिजलीघरों को चालू करा दिया गया है।
मूसलाधार बारिश ने बुधवार को शहर को बंधक बना लिया। पालिका की लापरवाही से जगह-जगह जलभराव होने से लोग परेशान रहे। आलम यह रहा कि लोगों का गली मोहल्लों से भी निकलना दूभर हो गया। मूसलाधार बारिश के चलते गढ़ रोड स्थित नाले की दीवार भी भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास भारी जलभराव हो गया।
बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन करीब 9.30 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी। बारिश के कारण रेलवे रोड, गोल मार्किट, स्वर्ग आश्रम रोड, अतरपुरा चौराहा, मोहल्ला नई आबादी,
फ्रीगंज रोड, आर्य नगर, आदर्श नगर आदि की सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो गई। जलभराव के कारण लोग घरों में कैद हो गए। इसके अलावा गढ़ रोड पर तहसील चौपला के पास नाले की दीवार गिरने से भारी जलभराव हो गया।
लालपुर गांव में मंगलवार शाम दो जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से काफी नुकसान हुआ है। लालपुर निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने नलकूप पर सोलर पैनल लगवा रखा है। मंगलवार शाम बारिश के दौरान पैनल पर आकाशीय बिजली गिर गई,
जिससे पैनल की प्लेटें जल गई है। इसके अलावा गांव निवासी छोटन के बेटे राम सिंह के मकान पर भी आकाशीय बिजली गिरी, जिससे मकान की छत फट गई।