हापुड़। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे माल गोदाम का जल्द ही जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा। दोनों दिशाओं में सौ-सौ मीटर प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी और नए शेड का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए रेलवे करीब तीन करोड़ रुपये खर्च करेगा। मालगोदाम के जीर्णोद्धार के लिए टेंडर भी जारी हो गया है। इस माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी और अगले माह से कार्य शुरू होने की भी उम्मीद है।
हापुड़ रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के साथ ही रेलवे मालगोदाम का जीर्णोद्धार होना है। रेलवे माल गोदाम में दूसरे राज्यों से मालगाड़ी द्वारा सीमेंट, गेहूं यूरिया सहित उत्पादक इकाइयों का माल उतरता है। लेकिन माल गोदाम की स्थिति बेहद दयनीय है। प्लेटफार्म और सड़क जर्जर को चुकी है, इससे माल के आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही शेड की स्थिति भी खराब है। बरसात के मौसम में तो शेड से पानी भी टपकने लगता है।
रेलवे विभाग व्यापारियों को सहूलियत देने के साथ ही माल परिवहन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है। इस क्रम में मालगोदाम के जीर्णोद्धार का भी प्रस्ताव मांगा गया था। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने जीर्णोद्धार के साथ ही दोनों दिशाओं में प्लेटफार्म बढ़ाने, जर्जर प्लेटफार्म की दशा सुधारने, मालगोदाम शेड बनाने, अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कार्यालय का निर्माण कराने और प्रकाश व्यवस्था व सड़क की स्थिति सुधारने के लिए प्रस्ताव भेजा था, इसके लिए स्वीकृति भी मिल गई है।
कार्य निरीक्षक वीके त्यागी ने बताया कि मालगोदाम के जीर्णोद्धार के लिए रेलवे मुख्यालय द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से माल गोदाम की दशा बदली जाएगी। अगले माह से कार्य शुरू होने की उम्मीद है।