गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली के थाना बिंद्रापुर क्षेत्र में सरेराह फायरिंग करने वाले वांछित आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम ने हशुपुर गांव में दबिश दी। टीम को दबिश के दौरान युवक नहीं मिल सका है, हालांकि टीम क्षेत्र में ही रुकी हुई है।
क्राइम ब्रांच के एसआई राजाराम सिंह ने बताया कि थाना बिंद्रापुर क्षेत्र में पिछले दिनों कुछ लोगों ने सरेराह फायरिंग कर दी थी। मौके पर दहशत फैल गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हशुपुर निवासी युवक का नाम सामने आया था। एसआई ने बताया कि युवक की पहचान होने के बाद उसकी तलाश के लिए गांव में दबिश दी गई। लेकिन युवक नहीं मिल सका है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच अभी क्षेत्र में है, जो आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।