सरावनी। सिंभावली ब्लॉक के गांव मुजफ्फरा बागड़पुर में बुधवार सुबह तालाब से निकलकर एक अजगर शीशपाल शर्मा के घर में घुस गया। अचानक घर में अजगर को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। हालांकि, समय रहते परिवार के सदस्यों की नजर अजगर पर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। शीशपाल शर्मा का घर गांव के मुख्य तालाब के नजदीक स्थित है। परिजनों ने बताया कि अजगर तालाब से निकलकर घर में पहुंच गया। घर में अजगर मिलने की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को काबू में कर लिया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान अजगर को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। मामले में डीएफओ गौतम सिंह ने बताया कि टीम ने रेस्क्यू के बाद अजगर को पकड़ लिया है।