हापुड़ । दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर मार्किंग (संकेतक) बनाए जाएंगे। 60 लाख रुपये की लागत से जिले की चार मुख्य सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से कार्य कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं। जल्द ही सड़कों पर संकेतक बनाने का कार्य शुरू होगा।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकना सभी के लिए बड़ी चुनौती है। इन्हें कम करने के लिए शासन स्तर से लगातार जिले में जिन मार्गों पर अधिक दुर्घटनाएं हो रही हैं, उन पर साइनेज बनाने का कार्य किया जाना है। सर्दियों के दिनों में वाहन स्वामियों को संकेतक न दिखाई देने के कारण सबसे अधिक दुर्घनाएं होती हैं। इन्हें कम करने के लिए ही लोक निर्माण विभाग काम करा रहा है।
भोजपुर-पिलखुवा धौलाना मार्ग पर 5.10 लाख, धौलाना से निधावली बॉर्डर तक मार्ग पर पांच लाख, ब्रजघाट से पलवाड़ा से सलारपुर मार्ग पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग एवं रोड फर्नीचर का कार्य 33.50 लाख और मवाना-हापुड़-किठौर मार्ग पर 18.30 लाख रुपये से संकेतक बनाए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश कुमार का कहना है कि सड़कों पर साइनेज के कार्य के लिए टेंडर निकाला गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही तुरंत काम शुरू कराया जाएगा। ताकि सर्दियों में कोई दिक्कत वाहन चालकों को न हो।
-