खुर्जा पेंच स्थित यूनियन बैंक के बाहर प्रदर्शन करते बैंककर्मी ।संवाद
हापुड़। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के सरकारी बैंकों में हड़ताल रही। गढ़ रोड स्थित यूनियन बैंक के बाहर कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के कारण करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। विभिन्न कार्यों के लिए बैंक पहुंचे ग्राहकों को परेशान होना पड़ा।
संगठन के कोऑर्डिनेटर आरके माहेश्वरी ने बताया कि लंबे समय से सरकारी बैंक कर्मचारी सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मांगें पूरी नहीं होने पर बैंक कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को भी हड़ताल पर रहेंगे।
हड़ताल के कारण शहर के गढ़ रोड, रेलवे रोड, पक्का बाग, बुलंदशहर रोड सहित अन्य स्थानों पर सरकारी बैंकों में नकदी जमा और निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट सहित अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हुए। बैंकों के मुख्य गेट पर हड़ताल और बैंक बंद रहने संबंधी नोटिस चस्पा किए गए थे। इसके बावजूद कई ग्राहक बैंक पहुंच गए और बंद शाखाओं को देखकर उन्हें लौटना पड़ा। इस मौके पर मनोज भारद्वाज, शीशपाल, एलआर गुप्ता, दीपक, सतीश, तमन्ना, अलका आदि भी मौजूद रहे।