हापुड़। भाकियू कार्यकर्ताओं ने एचपीडीए की आवासीय योजना में अधिग्रहित की गई श्यामनगर, अच्छेजा, चमरी, सबली के किसानों की जमीन के बदले उन्हें शर्त के अनुसार विकसित भूमि और दुकान नहीं दिए जाने के विरोध में प्राधिकरण का घेराव किया। वहीं, 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए पांच सूत्रीय मांगों का निस्तारण न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।
कार्यकर्ताओं ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना से प्रभावित किसानों को दस प्रतिशत भूमि के बदले छह प्रतिशत विकसित भूमि देने का वादा किया था जो अब तक पूरा नहीं किया गया है। चमरी के किसानों के भवनों का अधिग्रहण विवादित है किसानों को प्रभाव में लेकर बैठक कर अविलंब निस्तारण किया जाए। प्रीत विहार विस्तार योजना, आनंद विहार योजना से प्रभावित किसानों को विकास शुल्क के नाम पर परेशान किया जा रहा है। किसान बीते काफी समय से इन मांगों के निस्तारण की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने एचपीडीए कार्यालय का घेराव कर, जोरदार हंगामा किया। 15 दिन के अंदर पांच सूत्रीय मांगों का निस्तारण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है। इस मौके पर राजवीर सिंह भाटी, राधेलाल त्यागी, सियानंद त्यागी, विजय चौधरी, अमरेश त्यागी, मोनू त्यागी, अतुल त्यागी, संजय चौधरी, ओमप्रकाश त्यागी, ओमवती देवी, कृष्णा देवी, प्रदीप कुमार, संजय त्यागी, कांति प्रसाद, तेजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।